कविता: आसान और मुश्किल





चलते चले जाना बने बनाए रास्तों पर
कर लेना हासिल मंजिलें
मान-सम्मान, दौलत, पद-प्रतिष्ठा
बहुत आसान है
मुश्किल है तो नए रास्ते गढ़ना!
और
और भी मुश्किल है, उन पर चलके दिखलाना!

हो जाना हिटलर, स्टालिन
पॉल पॉट, मुसोलिनी या ईदि अमीन
बहुत आसान है
मुश्किल है तो होना लेनिन, लूथर, मंडेला!
और
और भी मुश्किल है, होना भीमराव या गांधी!

बागी बाबा, चिमटा बाबा, कम्प्युटर बाबा
महंत, पाठी, पीर, फ़कीर
हो जाना बहुत आसान है
मुश्किल है तो कृष्ण, बुद्ध, महावीर होना!
और
और भी मुश्किल है कबीर, रैदास या नानक होना!

नष्ट कर देना, ढहा देना, ज़मींदोज़ कर देना
मंदिर, मस्जिद, चर्च, गुरुद्वारे
बहुत आसान है
मुश्किल है तो धर्म परायणता!
और
और भी मुश्किल है, कर्तव्य परायणता!

राजा के निर्णय, राजा के विचार-प्रतिकार
सर झुकाए निर्विरोध स्वीकारोक्ति
समर्पण, जी हुजूरी
बहुत आसान है
मुश्किल है तो असहमति!
और
और भी मुश्किल है, असहमति भरी हुंकार!

कर लेना हर वचन दंडवत शिरोधार्य
हो नतमस्तक, हो जाना प्रजा
बहुत आसान है
मुश्किल है तो नागरिक हो जाना!
और
और भी मुश्किल है, जीवित रखना नागरिकता!

@ दयाराम वर्मा बेंगलुरु 01.02.2024

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

  Article published in 'I AM GREATFUL' a collection of 151 articles on gratitude  Gratitude means giving thanks for pleasant experie...