कविता: मेमने की ललकार

अब तक था जो मेमना, आज सरेराह दहाड़ रहा था,
हिमाकत तो देखो, सीधे शेरखान को ललकार रहा था।
आ जाओ कहीं-किसी भी मैदान में, शर्तिया पछाड़ दूँगा,
माँ कसम, सारी अकड़ तुम्हारी, चुटकियों में निकाल दूँगा।
हो गए शेरखान आग-बबूला, आ गया उनको गुस्सा भारी,
जुटने लगे मंत्री-संतरी, चाटुकार, भाँड़, पिट्ठू और दरबारी।
सब फुसफुसा रहे थे, अनहोनी की आशंका जता रहे थे,
ज़रूर मेमने को मिल गया है राज, अटकलें लगा रहे थे।
तभी उठा प्रधान सियार और लगा गुर्राने—अरे मेमने!
तेरी तो मैं टाँग तोड़ दूँगा, पलभर में गर्दन मरोड़ दूँगा।
चालाक लोमड़ी ने पूँछ फुलाई—बे मेमने, पिद्दी-पनौती!
हुई हिम्मत कैसे तुम्हारी, दे डाली बादशाह को ही चुनौती!
भगत बगुला भी चेहरे पर अपने, कृत्रिम गुस्सा ले आया,
'विनाशकाले विपरीत बुद्धि' गंभीर स्वर में श्लोक सुनाया।
आए तब सारे भोंपू, गिद्ध और कौवे, करते हुए कदमताल,
रे मेमने! लड़ाकर देखो हमसे पंजा पहले, कर देंगे बेहाल।
एक छछूँदर, मस्त कलंदर, दिखलाता हुआ आँखें लाल,
देकर मूँछों पर ताव बोला—नोच डालूँगा मेमने तेरे बाल!
तभी दरबार में जाने कहीं से, एक सुनहरा चूहा आ धमका
देख सामने शिकार मस्त, शेरखान खो बैठा धीरज मन का।
उसने मारा तुरंत झपट्टा, लेकिन चूहा था शातिर फिसल गया,
हाय! हो गया अनर्थ भारी, मुखौटा शेरखान का खिसक गया।
अरे, ये क्या! यहाँ तो छिपा था, रंगीला बागड़ बिल्ला मोटा,
घबरा गए दरबारी सब, कसने लगे अपना-अपना मुखौटा।
© दयाराम वर्मा, जयपुर (राज.) 08 नवंबर, 2026
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें